सिरमौर: ढाई साल पहले जिस प्रेम के लिए लांघी थी मर्यादाएं, उसी ने ले ली जा*न

Photo of author

By पंकज जयसवाल

पांवटा साहिब : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक विवाहिता ने अपने ही घर में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह मामला पुरुवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोजर गांव का है, जहाँ 26 वर्षीय रजनी की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। करीब ढाई साल पहले जिस युवती ने सामाजिक मर्यादाओं की दीवार लांघकर अपने प्यार के लिए घर-बार और दुनिया से लड़ाई लड़ी थी, आज उसी प्रेम के सफर का अंत इतना दर्दनाक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी।

रजनी की मौत के बाद उसकी मां शिमला देवी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में दामाद रामकुमार उर्फ रोहित पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि ढाई साल पहले रजनी और रामकुमार ने प्रेम विवाह किया था, जिसे समय के साथ दोनों परिवारों ने अपनी सहमति भी दे दी थी। लेकिन मां का आरोप है कि शादी के कुछ समय बीतते ही रामकुमार का असली चेहरा सामने आने लगा। पिछले दो वर्षों से रजनी को न केवल मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, बल्कि दहेज की मांग को लेकर उसके साथ लगातार मारपीट भी की जा रही थी।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी पति का व्यवहार इतना क्रूर हो गया था कि उसने रजनी और उसकी मासूम नन्हीं बेटी का मायके आना-जाना तक बंद कर दिया था। सामाजिक और पारिवारिक अलगाव के बीच रजनी इस कदर टूट गई थी कि उसे मौत को गले लगाना ही एकमात्र रास्ता नजर आया। इसी घरेलू कलह और प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतका के परिजनों ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि की है कि पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम हर बारीक पहलू की तफ्तीश कर रही है और मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों से गहन पूछताछ जारी है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।