नाहन : सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत पुरुवाला थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा आत्महत्या करने का बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। मौत से पहले मृतका द्वारा बनाए गए वीडियो और एक हस्तलिखित नोट ने इस घटना को एक नया मोड़ दे दिया है। पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब से एक युवती द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके का मुआयना किया और मृतका के पिता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन और एक हस्तलिखित नोट भी बरामद किया है।

प्रारंभिक जांच और परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के मुताबिक, मृतका ने आत्महत्या से पहले कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। सामने आए वीडियो और नोट में नाबालिग ने अपनी मौत का जिम्मेदार पुरुवाला क्षेत्र के एक युवक और उसके परिवार को ठहराया है।
लड़की ने वीडियो में खुलासा किया था कि आरोपी युवक के पास उसकी कुछ निजी वीडियो और तस्वीरें थीं, जिनकी धमकी देकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप यह भी है कि प्रेम प्रसंग के बाद अब युवक और उसका परिवार जातिगत आधार पर विवाह करने से मना कर रहा था, जिसके चलते उसे गंभीर मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
उधर, पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर थाना पुरुवाला में BNS की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों, वीडियो और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।