सिरमौर प्रवक्ता संघ की कमान तीसरी बार सुरेंद्र पुंडीर और डॉ. आई.डी. राही के हाथों में

नाहन : संगड़ाह में आज जिला सिरमौर प्रवक्ता संघ की आम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सत्र 2025-2028 के लिए नई जिला कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। इस बैठक में सुरेंद्र पुंडीर को पुनः तीसरी बार जिला अध्यक्ष और डॉ. आई.डी. राही को महासचिव चुना गया।

सभा की शुरुआत वरिष्ठ उप प्रधान ओम प्रकाश शर्मा द्वारा सभी चुनाव अधिकारियों व प्रवक्ता साथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात लगभग दो दर्जन प्रवक्ताओं ने अपनी बात रखी। महासचिव डॉ. राही ने बीते तीन वर्षों की कार्य रिपोर्ट प्रस्तुत की, वहीं कोषाध्यक्ष विजय वर्मा ने आय-व्यय का ब्यौरा सदन के समक्ष रखा। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर ने संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इसके उपरांत पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। चुनाव पर्यवेक्षक नरेंद्र नेगी की देखरेख में रिटर्निंग ऑफिसर चंद्रदेव व उनकी टीम द्वारा चुनाव संपन्न करवाया गया। सर्वसम्मति से सुरेंद्र पुंडीर को पुनः जिला अध्यक्ष तथा डॉ. राही को महासचिव घोषित किया गया। ओम प्रकाश शर्मा को वरिष्ठ उप प्रधान और विजय वर्मा को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

नई कार्यकारिणी ने सभी प्रवक्ता साथियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और सशक्त बनाने तथा शिक्षकों के हितों की रक्षा हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।