सिरमौर: महिला सहकर्मी से मारपीट और बदसलूकी पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : आजकल अक्सर स्कूलों से छात्रों के बिगड़ते व्यवहार और अनुशासनहीनता की खबरें आती हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। लेकिन जब समाज को राह दिखाने वाले ‘शिक्षक’ ही आपस में उलझ जाएं और मर्यादा की सीमाएं लांघ दें, तो शिक्षा के मंदिर की पवित्रता पर गहरा आघात पहुँचता है। पांवटा साहिब के शिवपुर स्कूल में एक महिला शिक्षिका के साथ पुरुष अध्यापक द्वारा की गई कथित मारपीट और बदसलूकी की घटना ने इसी कड़वे सच को उजागर किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुर स्कूल के एक पुरुष अध्यापक पर उसी स्कूल की महिला सहकर्मी ने मारपीट और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने की चौखट तक पहुँच गया। सोचने वाली बात यह है कि जिस क्लासरूम के बगल में बच्चे भविष्य के सपने बुन रहे हैं, वहीं उनके आदर्श (शिक्षक) एक-दूसरे के प्रति हिंसक व्यवहार अपना रहे हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त पुरुष अध्यापक का व्यवहार पहले भी विवादित रहा है। चर्चा है कि इसी तरह के आरोप उन पर पहले भी लग चुके हैं, लेकिन उस समय आपसी समझाइश या मध्यस्थता के जरिए मामले को शांत कर रफा-दफा कर दिया गया था। हालांकि, इस बार मामला पुलिस की चौखट तक पहुँच गया है, जिससे यह स्पष्ट है कि विवाद गहरा है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पांवटा साहिब पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद का मुख्य कारण क्या था और क्या स्कूल प्रशासन ने पहले हुए विवादों पर कोई संज्ञान लिया था या नहीं। स्कूल के अन्य स्टाफ सदस्यों से भी इस घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।