नाहन : सिरमौर जिले के हरिपुरधार-नौहराधार मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। चाढ़ना के पास एक स्विफ्ट कार (HP88A-6058) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों व्यक्ति कुलग से बद्दी की ओर जा रहे थे। इसी बीच चाढ़ना के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे खाई में जा उतरी। मृतकों की पहचान गुलशन (18) पुत्र राम विलास , निवासी जिला सिमडेगा, झारखंड, और नरेश कुमार (29) बारू राम, निवासी कुपवी, जिला शिमला के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में घायल कार चालक विपिन (29 वर्ष), निवासी जिला कांगड़ा को प्राथमिक उपचार के लिए नौहराधार अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ भेज दिया है।
हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुनील राणा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को पोस्टमार्टम के पश्चात 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की जाएगी।