सिरमौर में मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन, चुनाव से पहले ऐसे जुड़वाएं अपना नाम

नाहन : जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सिरमौर, प्रियंका वर्मा ने आज सोमवार को जिला की समस्त ग्राम पंचायतों के लिए अनुपूरक मतदाता सूचियों (Supplementary Voter Lists) के अंतिम प्रकाशन के आदेश जारी कर दिए हैं। यह प्रकाशन उन ग्राम पंचायतों को छोड़कर किया गया है जो पुनर्गठन या विभाजन की प्रक्रिया के दायरे में हैं।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पुनरीक्षण अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों (BDOs) द्वारा तैयार की गई इन सूचियों के संबंध में 10 अप्रैल 2026 तक उपायुक्त कार्यालय में कोई भी अपील प्राप्त नहीं हुई है। इसी के आधार पर आज 20 अप्रैल को इन सूचियों को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला वासियों को सूचित करते हुए कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम अभी भी ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है, तो उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मतदाता निर्वाचन कार्यक्रम (Election Schedule) जारी होने की तारीख से पहले उपायुक्त कार्यालय में प्रारूप-2 (Form-2) पर आवेदन कर सकते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रकाशन केवल सामान्य ग्राम पंचायतों के लिए है। जिन पंचायतों का हाल ही में पुनर्गठन या विभाजन हुआ है, उनसे संबंधित सूचियों की प्रक्रिया अलग से संचालित की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।