नाहन : जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर नाहन में आज राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अदालत के दौरान कुल 5205 मामले विचार के लिए रखे गए थे। इनमें से 1165 मामलों का आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा किया गया। इन सभी निपटान किए गए मामलों में कुल 5,77,59,222 रुपये की समझौता राशि पर मुहर लगाई गई।
पोस्ट-लिगेशन के अदालतों में चल रहे 358 मामलों का निपटारा किया गया, जिनमें सबसे बड़ी राशि 5,59,30,062 रुपये का समझौता हुआ। यातायात नियमों और अन्य वाहन संबंधी 577 मामलों का मौके पर समाधान कर 11,45,000 रुपये का जुर्माना व समझौता वसूला गया। वहीं प्री-लिगेशन के 230 मामलों को अदालत तक पहुंचने से पहले ही सुलझा लिया गया, जिसमें 6,84,160 रुपये की राशि तय हुई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच लंबे समय से चल रहे विवादों को बिना किसी कड़वाहट के खत्म करना है। इसमें दोनों पक्षों की जीत होती है और समय व धन की बचत भी होती है। प्राधिकरण ने भविष्य में भी लोगों से ऐसे मंचों का लाभ उठाने की अपील की है।