नाहन : उपायुक्त कार्यालय, सभागार में आज विधायक अजय सोलंकी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक आयोजित हुई जिसमें जिला में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपस्थित जिला विकास अधिकारी द्विज गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के अंतर्गत 462 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 238 व्यक्तिगत शौचालय निर्माण का कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि जिला में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के निर्माण के तहत 22 कार्य प्रगति पर हैं तथा 38 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।

जिला विकास अधिकारी ने अवगत करवाया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत सामुदायिक स्तर पर 07 कम्पोस्ट पिट्स का निर्माण किया जा चुका है, जबकि 04 कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि ग्रे वाटर मैनेजमेंट सामुदायिक परिसंपत्तियों के तहत 18 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं और 06 कार्यों पर कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की स्थापना के अंतर्गत शेड निर्माण की स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जिला सिरमौर में 02 इकाइयाँ कार्यशील हैं, जबकि 04 इकाइयों को शीघ्र आरंभ किया जाएगा।
इससे पूर्व, विधायक अजय सोलंकी की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह को लेकर भी एक बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यह समारोह जिला सिरमौर के नाहन के चौगान में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। बैठक में 8 मार्च को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा विभागीय सहभागिता को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया, ताकि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन गरिमामय एवं सफल बनाया जा सके।