नाहन : हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरमौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना राजगढ़ के अंतर्गत पुलिस चौकी पझौता की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर तीन युवकों को 1.66 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 8 फरवरी को अमल में लाई गई। पझौता पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक गाड़ी में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शरगांव के पास नाका लगाया और गाड़ी संख्या HP 99-8880 को तलाशी के लिए रोका।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.66 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कशिश भरोटा निवासी संजौली (शिमला), रूब्बल जदेईक निवासी गांव पन्डरोग (कोटखाई, शिमला) और निक्षित चौहान निवासी गांव पुडग (कोटखाई, शिमला) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन तीनों युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एस पी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाए थे और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।