नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में जनगणना (Census) कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए मैनपावर की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित विभाग के निर्देशानुसार, जिला सिरमौर में टेक्निकल असिस्टेंट और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के विभिन्न पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी की गई है। यह भर्ती सिक्योर गार्ड शिमला के माध्यम से आउटसोर्स आधार पर की जाएगी, जिसके लिए आगामी 8 अप्रैल को नाहन में वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया में कुल 22 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इसमें सर्वाधिक 21 पद ‘टेक्निकल असिस्टेंट’ के रखे गए हैं। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक (ग्रेजुएशन) तय की गई है, जिसके साथ ही उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम एक वर्ष का कंप्यूटर डिप्लोमा होना अनिवार्य है। चयनित होने वाले टेक्निकल असिस्टेंट को 25,000 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, एमटीएस (MTS) का एक पद भी भरा जाना है, जिसके लिए 10वीं या 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। एमटीएस पद के लिए मासिक वेतन 18,000 रुपये निर्धारित किया गया है।

इंटरव्यू की प्रक्रिया को लेकर सिक्योर गार्ड के प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को 8 अप्रैल, 2026 को नाहन स्थित सर्किट हाउस (नजदीक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) पहुंचना होगा। इंटरव्यू का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, कंप्यूटर डिप्लोमा, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ एक विस्तृत बायोडाटा लाना अनिवार्य है।
स्थानीय युवाओं के लिए यह रोजगार का एक बेहतरीन अवसर है, विशेषकर उन लोगों के लिए जो तकनीकी क्षेत्र में अपनी सेवाएं देना चाहते हैं। जिला मुख्यालय में होने वाले इस सीधे इंटरव्यू के माध्यम से योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।