नाहन : क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) सोना चौहान ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ दिया है। ताज़ा कार्रवाई में नाहन और आसपास के क्षेत्रों में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों पर भारी जुर्माना लगाया गया है।
पुलिस के हवाले हुआ बिना नंबर वाला ट्रक
चेकिंग के दौरान आरटीओ टीम ने एक ऐसे ट्रक को पकड़ा जो बिना नंबर प्लेट के चलाया जा रहा था। पहचान छिपाकर नियमों का उल्लंघन करने पर विभाग ने तुरंत ट्रक को इम्पैंड (Impound) कर लिया और चालक के खिलाफ आगामी कार्रवाई के लिए वाहन को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

ओवरलोडिंग पर 1.69 लाख की पेनल्टी
मारकंडा पुल, नवोदय स्कूल और सूरजपुर के पास नाकेबंदी के दौरान टीम ने तीन बड़े डंपरों को क्षमता से अधिक भार (Overloading) ले जाते हुए पकड़ा। इन तीनों डंपरों पर विभाग ने कुल 1.69 लाख रुपये का भारी-भरकम चालान किया है। आरटीओ ने चेतावनी दी है कि ओवरलोडिंग के कारण न केवल सड़कों को नुकसान पहुँचता है, बल्कि यह हादसों का भी मुख्य कारण है।
21 टन से भारी वाहनों पर रोक की तैयारी
जाम की समस्या को देखते हुए आरटीओ ने डीसी सिरमौर को एक अहम प्रस्ताव भेजा है। इसमें सुझाव दिया गया है कि 21 टन से अधिक भार वाले डंपरों को नाहन मार्ग पर अनुमति न दी जाए। सोना चौहान के अनुसार, नाहन की खड़ी चढ़ाई (Steep Gradient) पर भारी वजन के कारण ये वाहन अक्सर ब्रेकडाउन हो जाते हैं, जिससे घंटों तक लंबा जाम लगा रहता है और आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।