सोलन: शहर के पुराने डीसी ऑफिस के पास बन रही नगर निगम की पार्किंग में एक युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पार्किंग क्षेत्र में मुंह के बल अचेत पड़ा है। मौके पर पहुंची सिटी चौकी की टीम ने जब जांच की तो युवक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से शव की शिनाख्त कर ली है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय हिमांशु, पुत्र भूपेंद्र के रूप में हुई है। वह सोलन जिला की कसौली तहसील के शीलड गांव डाकखाना कंडा का रहने वाला था।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि हिमांशु सोलन में रहकर कैटरिंग का काम करता था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि वह शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात उसने काफी ज्यादा शराब पी ली थी, जिसके चलते वह संतुलन खो बैठा और गिर गया। गिरने की वजह से उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई, जो उसकी मौत का कारण बनीं।
पुलिस द्वारा शव का निरीक्षण करने पर शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले हैं। इस मामले में मृतक के परिवार या किसी अन्य व्यक्ति ने फिलहाल कोई शक नहीं जताया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 194 के तहत आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच जारी है।