सोलन के आंजी-रबोन में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बोलेरो, किन्नौर के युवक की मौत

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन के आंजी और रबोन के बीच गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। इस हादसे में किन्नौर से परवाणू की ओर जा रही एक बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे एक युवक की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना आज दोपहर के समय हुई जब किन्नौर के चार व्यक्ति बोलेरो गाड़ी में सवार होकर परवाणू की ओर जा रहे थे। आंजी-रबोन के समीप चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी जोरदार धमाके के साथ सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद 108 एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुँचाया गया। अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुनील कुमार (32 वर्ष), पुत्र श्री रतन दास, निवासी गांव नन्स्स्पो, तहसील निचार, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। जबकि नरेंद्र, पुत्र श्री विद्या सिंह, निवासी निचार, जिला किन्नौर उपचाराधीन है।

सपरून पुलिस चौकी और सदर थाना सोलन की टीम ने अस्पताल पहुँचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दुर्घटना तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

सदर थाना सोलन में चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने और मानव जीवन को खतरे में डालने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि ऊँचाई वाले क्षेत्रों से आने वाले चालक लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम करें और गति सीमा का विशेष ध्यान रखें। सड़क किनारे खड़े वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना अनिवार्य है ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके। मामले की आगामी तफ्तीश जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।