सोलन: जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने दो युवकों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई देहूंघाट के पास एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, SIU टीम ने देहूंघाट के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक संदिग्ध जेन एस्टिलो (Zen Estilo) कार को चेकिंग के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 5.76 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशे के इस अवैध कारोबार के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ का पता लगाया जा सके। दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहाँ से पुलिस उनके रिमांड की मांग करेगी।
पुलिस आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रहा है ताकि यह पता चल सके कि वे पहले भी इस तरह की तस्करी या अन्य अपराधों में संलिप्त रहे हैं या नहीं।
सोलन पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा। मामले की आगामी जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।