सोलन के धर्मपुर में चिट्टा और 14 सिरिंज के साथ युवक गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला के धर्मपुर में पुलिस ने एक आदतन अपराधी को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी न सिर्फ नशे का कारोबार करता था, बल्कि चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है। पुलिस ने गुरुवार को ओल्ड आई.टी.आई. के पास एक कमरे में छापेमारी कर उसे रंगे हाथों पकड़ा।

धर्मपुर पुलिस की टीम ने जब ओल्ड आई.टी.आई. के पास स्थित एक मकान में दबिश दी, तो वहां रह रहे 24 वर्षीय पारस मेहता के पास से 1 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस को मौके से नशीले पदार्थ के अलावा 14 सिरिंज, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन तोलने की मशीन और 2,540 रुपये कैश भी मिला है। सिरिंज और वजन करने की मशीन का मिलना इस बात का इशारा है कि आरोपी वहां नशा बेचता या उसका सेवन करवाता था। गिरफ्तार आरोपी पारस मेहता, पुत्र बिहारी लाल, इसी इलाके का रहने वाला है।

पुलिस की जांच में आरोपी की पूरी कुंडली सामने आ गई है। पारस मेहता कोई नया अपराधी नहीं है। धर्मपुर थाने में उसके खिलाफ पहले से ही 4 मामले दर्ज हैं।

इससे पहले भी वह दो बार चिट्टा तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है, जिसमें उससे 7.47 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। नशा करने और बेचने के अलावा वह चोरी की वारदातों को भी अंजाम देता था। उसके खिलाफ चोरी के दो मामले दर्ज हैं, जिनमें उसने गीजर, कंप्यूटर, गैस सिलेंडर और बिजली का सामान चुराया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है और उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।