सोलन कॉलेज के अभिषेक डोगरा ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी जूडो में जीता गोल्ड

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। महाविद्यालय के बी.ए. तृतीय वर्ष के मेधावी खिलाड़ी अभिषेक डोगरा ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी जूडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने संस्थान, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है।

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में 18 से 22 मार्च 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में अभिषेक ने अपनी तकनीक और फुर्ती का लोहा मनवाया। उन्होंने मुंबई की अमरावती यूनिवर्सिटी के सशक्त खिलाड़ी सागर को कड़े मुकाबले में पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक प्रो. रवि राम ने अभिषेक की इस स्वर्णिम यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अभिषेक का सफर इंटर कॉलेज प्रतियोगिता से शुरू हुआ था, जहाँ से उनका चयन ‘नॉर्थ ज़ोन’ प्रतियोगिता के लिए हुआ। नॉर्थ ज़ोन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया और अंततः नेशनल गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा को सिद्ध किया।

अभिषेक की सफलता का सिलसिला यहीं नहीं थमा है। प्रो. रवि राम ने गर्व के साथ बताया कि ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में गोल्ड जीतने के बाद अब अभिषेक डोगरा का चयन प्रतिष्ठित खेलो इंडिया प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है। यह उनके खेल जीवन की एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे उनके ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने की राह प्रशस्त होगी।

इस ऐतिहासिक जीत पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली तथा समस्त प्राध्यापकों ने अभिषेक को बधाई दी है। प्राचार्या ने कहा कि अभिषेक की मेहनत और समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता अवश्य मिलती है। महाविद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे ‘खेलो इंडिया’ में भी स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।