सोलन कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

Photo of author

By Hills Post

सोलन: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजकीय महाविद्यालय सोलन में महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ द्वारा स्त्री से स्त्रीत्व विषय के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम “Give to Gain” को आधार बनाकर आयोजित इस समागम में नारी शक्ति और उनके समाज के प्रति योगदान को केंद्र में रखा गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली रहीं, जबकि पूरे आयोजन की कमान प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रोफेसर निवेदिता पाठक ने संभाली। छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ. मनीषा कोहली ने कहा कि हर स्त्री को अपनी अद्वितीय विशेषताओं के साथ ‘स्त्री’ होने पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान समय में महिलाओं के सामने चुनौतियां बहुत हैं, लेकिन उनके भीतर निहित आंतरिक शक्ति उन्हें हर बाधा पार कर जीवन में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के काबिल बनाती है।

समारोह के दौरान स्त्री दर्शन पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। प्रोफेसर मंजू ठाकुर ने एक प्रभावशाली पीपीटी (PPT) के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया को बदलने वाली महिलाओं के योगदान को प्रदर्शित किया। प्रोफेसर संदीप शर्मा, हीरा छेत्री, प्रियंका भारद्वाज, आरती नेगी और अलीशा चौहान की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में बौद्धिक विमर्श को गहराई दी।

विद्यार्थियों में पूजा, साक्षी, पारुल और तनुज ने अपनी कविताओं के जरिए महिलाओं के जीवन, उनकी भावनाओं और उनके सामने आने वाली समस्याओं का सजीव चित्रण किया, जिसने सभागार में मौजूद दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया।

केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि छात्राओं को व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से सुबह 10 बजे एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण भी करवाया गया। डॉ. संदीप शर्मा और डॉ. अलीशा चौहान के नेतृत्व में छात्राओं को सदर पुलिस थाना (कोटला नाला) ले जाया गया। वहां पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिलाओं के विरुद्ध होने वाले उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर प्रोफेसर निवेदिता पाठक ने मुख्य अतिथि, समस्त शिक्षक व गैर-शिक्षक वर्ग और विद्यार्थियों का इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।