सोलन: जिला के तहत आती पुलिस चौकी डगशाई की एक टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गांधी ग्राम सड़क पर एक युवक को 3 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ धर दबोचा। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस युवक को संदेह होने पर रोका था, जिसकी तलाशी लेने पर यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय प्रवीण तंवर के रूप में हुई है, जो सोलन जिले के सुल्तानपुर डाकघर के अंतर्गत आते गाँव ढिल्लों का रहने वाला है। इस मामले को लेकर पुलिस थाना धर्मपुर में मादक द्रव्य एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ की है। इसके बाद कानूनी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हुए आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के प्रावधानों के तहत पाबंद किया गया है।
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह हेरोइन कहां से खरीद कर लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। नशे के इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस आरोपी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है, ताकि यह साफ हो सके कि वह पहले भी इस तरह की नशा तस्करी या अन्य किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं। मामले की आगामी तफ्तीश लगातार जारी है।