सोलन पुलिस ने 100 ग्राम से ज्यादा हेरोइन की बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए डिमांड’ और ‘सप्लाई दोनों चेन को तोड़ने में सफलता हासिल की है। इस विशेष अभियान में पुलिस ने जीरकपुर (पंजाब) में बैठे मुख्य सप्लायर सहित कुल 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 100 ग्राम से अधिक चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस की यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकी, बल्कि नशे के इस काले कारोबार से अर्जित की गई 15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को भी अब तक जब्त किया जा चुका है।

इस बड़े खुलासे की शुरुआत 4 जनवरी 2026 को हुई, जब सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सलोगड़ा मेला ग्राउंड से जितेश उर्फ मुन्ना और नीरज को 6 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा। जांच में सामने आया कि जितेश और नीरज आदतन अपराधी हैं और उन पर पहले से ही एनडीपीएस और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इनका रिमांड लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो नेटवर्क की परतें खुलने लगीं। इसी बीच 5-6 जनवरी की मध्यरात्रि को पुलिस ने सूचना के आधार पर साहिल और करण नामक दो युवकों को 7.23 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया, जो जीरकपुर से खेप लेकर आए थे। इन सभी कड़ियों को जोड़ते हुए और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज (Backward Linkage) के जरिए मुख्य मगरमच्छ तक पहुंचने का जाल बिछाया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीरकपुर में दबिश दी और मुख्य सप्लायर इकबाल उर्फ बिट्टू (27) निवासी कैथल (हरियाणा) को 87 ग्राम चिट्टे की भारी खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुष्टि हुई है कि इकबाल एक कुख्यात तस्कर है जो लंबे समय से हिमाचल में नशा भेज रहा था।

सोलन पुलिस के लिए वर्ष 2025 नशे के खिलाफ जंग में बेहद सफल रहा है। पुलिस ने पिछले एक साल में एनडीपीएस एक्ट के तहत 112 मामले दर्ज कर 195 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है, जिनमें 42 आरोपी बाहरी राज्यों के हैं। पुलिस ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और नाइजीरिया तक फैले 14 बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्कों को ध्वस्त किया है। पिछले ढाई वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पुलिस ने 502 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 155 बाहरी राज्यों के सप्लायर और 9 नाइजीरियन नागरिक शामिल हैं।

पुलिस ने न केवल गिरफ्तारियां की हैं, बल्कि तस्करों की आर्थिक कमर भी तोड़ी है। वर्ष 2024-25 में पुलिस ने 12 मामलों में तस्करों की 15 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति (होटल, प्लॉट, लक्जरी गाड़ियां) जब्त की है। इसके अलावा, आदतन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पीआईटी एनडीपीएस एक्ट (PIT NDPS Act) के तहत 10 अपराधियों को निवारक हिरासत (Preventive Detention) में जेल भेजा गया है। समाज को नशे से बचाने के लिए पुलिस ‘रुस्तम योजना’ और स्कूलों को गोद लेने जैसे जागरूकता अभियान भी चला रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।