सोलन: पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई को जारी रखते हुए गश्त के दौरान दो व्यक्तियों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। घटना 6-7 फरवरी की मध्यरात्रि की है, जब पुलिस थाना सोलन की टीम गश्त पर थी। इस दौरान संदेह के आधार पर दो युवकों को रोका गया और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7.25 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय सोनी ठाकुर निवासी सुंदरनगर, जिला मंडी और 38 वर्षीय देश राज निवासी नेरी, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने सदर थाना सोलन में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को 7 फरवरी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें गहन पूछताछ के लिए 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे और इसके तार किन तस्करों से जुड़े हैं। साथ ही, आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी बारीकी से जांच की जा रही है।