सोलन में ढ़ाई साल के मासूम की गला दबाकर हत्या, सौतेला पिता गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के सलोगड़ा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक ढाई साल के मासूम बच्चे प्रवीण की उसके सौतेले पिता ने गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। हत्यारे ने इसे एक हादसा साबित करने की कोशिश की, लेकिन शव को दफनाने से पहले ही ग्रामीणों की सजगता और पंचायत प्रधान की तत्परता से इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हो गया। सदर पुलिस थाना सोलन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की मां तारा देवी (24 वर्ष) ने शुरुआत में दावा किया था कि प्रवीण किराये के क्वार्टर के आंगन में खेलते समय अचानक गिर गया था। उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस सलोगड़ा ले आए। सुबह जब वे शव को गुपचुप तरीके से दफनाने के लिए ले जा रहे थे, तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत ग्राम पंचायत सलोगड़ा की प्रधान श्रीमती सरोज चौहान को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने बिना समय गंवाए सदर पुलिस को मौके पर बुला लिया और दफनाने की प्रक्रिया रुकवा दी।

इस घटनाक्रम के बीच बच्चे का असली पिता राजेन्द्र महत (30 वर्ष), जो काम की तलाश में किन्नौर गया हुआ था, सोलन लौट आया। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। राजेन्द्र ने बताया कि उसकी पत्नी तारा देवी कुछ समय पहले उसे छोड़कर राज थापा नाम के व्यक्ति के साथ सलोगड़ा में रहने लगी थी। लगभग 10-12 दिन पहले बच्चे के पालन-पोषण को लेकर राजेन्द्र और राज थापा के बीच भारी विवाद भी हुआ था। बच्चे की मौत के बाद जब डॉक्टरों ने मौखिक रूप से अंदेशा जताया कि मृत्यु सामान्य नहीं है, तो राजेन्द्र ने शक जाहिर किया कि सौतेले पिता राज थापा ने पुरानी रंजिश के चलते प्रवीण का गला दबाकर हत्या की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और एस.एफ.एस.एल. (SFSL) जुन्गा की फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करवाया। आईजीएमसी (IGMC) शिमला में हुए पोस्टमार्टम के बाद यह स्पष्ट हो गया कि बच्चे की हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी सौतेले पिता राज थापा (32 वर्ष, मूल निवासी नेपाल) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस जघन्य हत्याकांड के अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।