सोलन: ज़िला परियोजना प्रबंधक इकाई सोलन द्वारा ‘हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना’ के अंतर्गत प्रबंधन समिति (MC) के सदस्यों के क्षमता निर्माण के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘एम.सी. सदस्यों की भूमिका एवं जिम्मेदारी’ विषय पर आधारित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य कृषि प्रबंधन विस्तार प्रशिक्षण संस्थान, मशोबरा के निदेशक डॉ. संतोष गुप्ता ने की।

सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संतोष गुप्ता ने प्रबंधन समिति के सदस्यों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं नैतिक जिम्मेदारियों की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बल देकर कहा कि किसी भी परियोजना की सफलता समिति के कुशल संचालन, वित्तीय अनुशासन, निर्णय प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और मजबूत टीम भावना पर निर्भर करती है। सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में दायित्वों का निष्ठापूर्वक और प्रभावी ढंग से निर्वहन करना चाहिए।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान ज़िला परियोजना प्रबंधन इकाई के ज़िला परियोजना निदेशक डॉ. राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने भी विषय पर अपना विस्तृत वक्तव्य प्रस्तुत किया और सदस्यों को जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों व उनके समाधान के तरीके समझाए।
इस एक दिवसीय प्रशिक्षण में ज़िला परियोजना प्रबंधन इकाई सोलन के विषय-वाद विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र कुमार, खण्ड परियोजना प्रबंधन इकाई सोलन तथा नाहन के अंतर्गत आने वाली 15 विभिन्न उप-परियोजनाओं के प्रबंधन समिति (MC) के सदस्यों व प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सदस्यों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया और परियोजना के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई।