सोलन में मामूली टक्कर के बाद गंडासे और रॉड से हमला, एक शिमला रेफर

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला मुख्यालय सोलन के शामती-राजगढ़ मार्ग पर दो वाहनों की मामूली टक्कर ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोपियों ने न केवल पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट की, बल्कि शूलिनी माता मंदिर के पास गाड़ी रोककर लोहे की रॉड और गंडासे जैसे घातक हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में घायल एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना रविवार की है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से पुलिस को सूचना मिली थी कि काली माता मंदिर क्षेत्र में हुए झगड़े के घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि विवाद की शुरुआत काली माता मंदिर (शामती-राजगढ़ मार्ग) पर दो गाड़ियों के बीच हुई एक मामूली टक्कर के बाद हुई।

आरोपी पक्ष ने पहले खुण्डीधार क्षेत्र में शिकायतकर्ता पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज की, उन्हें धमकियां दीं और मारपीट की। विवाद यहीं नहीं थमा, इसके बाद शूलिनी माता मंदिर के समीप आरोपियों ने शिकायतकर्ता पक्ष के वाहन को जबरन रोका और उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, गंडासे और अन्य धारदार हथियारों से पीड़ितों पर बेरहमी से वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस हमले में पीड़ितों की गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

इस खूनी झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद सोलन पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर अपनी जांच का हिस्सा बनाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस सोलन ने त्वरित कार्रवाई अमल में लाई और मुख्य आरोपी चिराग वर्मा 25 वर्ष, निवासी महादेव विला, हॉस्पिटल रोड, सोलन को धर-दबोचा।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी चिराग वर्मा को आज माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
सोलन पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है, जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जिले में कानून-व्यवस्था को भंग करने वाले और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं होगी। मामले की आगामी वैज्ञानिक व तथ्यात्मक जांच जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।