सोलन: शहर के एक निजी होटल में लाइव हिमाचल की ओर से सशक्त नारी सम्मान-2026 का शानदार आयोजन किया गया। इस विशेष समारोह में हिमाचल प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजीव सैजल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने उत्कृष्ट कार्यों से अमिट छाप छोड़ने वाली 51 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में इंजीनियर राजीव ठाकुर, सोलन नगर निगम की डिप्टी मेयर मीरा आनंद, पूर्व चेयरमैन बीडीसी भीम सिंह और शहरी कांग्रेस के पूर्व महासचिव कुणाल सूद सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।

नारी की प्रगति से ही समाज और राष्ट्र का विकास संभव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. राजीव सैजल ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजक अशोक वर्धन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सोलन की पावन धरती पर 51 प्रेरणादायी महिलाओं को अलंकृत करना अत्यंत गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब नारी आगे बढ़ती है, तो समाज और राष्ट्र दोनों की प्रगति सुनिश्चित होती है। महिलाएं केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं हैं, बल्कि वे सामाजिक परिवर्तन की एक सशक्त वाहक भी हैं। इन महिलाओं की सफलता की ये अनूठी कहानियां आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेंगी।
इन विभिन्न क्षेत्रों की उत्कृष्ट महिलाओं को मिला सम्मान
इस सम्मान समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पुलिस प्रशासन, कानून और समाज सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी महिलाओं को सम्मानित किया गया।
चिकित्सा क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. अनीता गौतम, जोनल अस्पताल सोलन की डॉ. आंचल शर्मा और डॉ. नीतिका को सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सेवानिवृत्त प्रिंसिपल सीमा राणा, डीपीएस की अध्यापिका शीतल और कल्पना परमार (शिक्षा व खेल) को यह सम्मान मिला।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ियों में बेलारूस में कुश्ती में सिल्वर मेडल जीतने वाली एएसआई रानी, जूडो में इंटरनेशनल सिल्वर मेडलिस्ट प्रिया और राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाने वाली कुश्ती खिलाड़ी राधा, तनू, सोनी व आरती को सम्मानित किया गया।
पुलिस और विजिलेंस विभाग से इंस्पेक्टर सुनीता वर्मा, पुलिस थाना कसौली की हैड कांस्टेबल साक्षी, दाड़लाघाट की हैड कांस्टेबल कावेरी, कांस्टेबल अनुराधा व संगीता, टीटीआर सोलन की एचएचसी खीमी देवी, पुलिस थाना सोलन से इंदू और विजिलेंस सोलन की पूनम कुमारी को उनकी बेहतरीन और समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
वकालत के क्षेत्र से एडवोकेट साक्षी चंदेल, प्रीती शर्मा व जागृति चंदेल तथा वास्तुकला के क्षेत्र से आर्किटेक्ट सनिधा रावत व राखी को सम्मान मिला। पत्रकारिता में रीता ठाकुर और नशा निवारण के प्रति जागरूकता जगाने के लिए सेवानिवृत्त अध्यापिका व समाजसेवी उर्मिल ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।
निजी व्यवसाय और स्वयं सहायता समूहों को मजबूती देने वाली पूजा सूद, निवेदिता, बिमला ठाकुर, मीना सिंह, योगिता बाखरू, स्नेह वर्मा, ममता वर्मा, अनीता, सीमा और निशा कालरा को सराहा गया। साथ ही दुग्ध उत्पादन में रोशनी देवी, लोक संस्कृति के लिए बिंदिया ठाकुर, आशा वर्कर अनीता, पूर्व वार्ड मेंबर सरिता, पूर्व प्रधान आशा देवी और समाजसेवा के लिए रीता देवी व प्रोमिला ठाकुर को यह सम्मान प्राप्त हुआ।
नुक्कड़ नाटक नया सवेरा ने दिया गहरा सामाजिक संदेश
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा नया सवेरा नामक एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इस नाटक के माध्यम से युवाओं में बढ़ती मोबाइल की लत और लैंगिक समानता जैसे गंभीर विषयों पर गहरा कटाक्ष किया गया। नाटक में बेहतरीन अभिनय करने वाली निशी, ज्योति, रीतिका, रेणुका, पूनम और शिवानी को भी सम्मानित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में डॉ. रोहित, दया राम, पवन ठाकुर, मीनाक्षी शर्मा और ममता चौहान सहित शहर के कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।