सोलन: संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर रविवार को डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, सोलन द्वारा मुरारी मार्केट स्थित सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने संबोधन में डॉ. कृष्ण गोपाल ने भक्तिकाल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब देश विदेशी आक्रमणकारियों के अत्याचारों से जूझ रहा था, उस कठिन दौर में संतों ने ही अपनी सरल और सहज भक्ति पद्धति से समाज को दिशा दी और बिखरने से बचाया।

उन्होंने कहा कि स्वामी रामानंद के शिष्य गुरु रविदास जी ने “मन चंगा तो कठौती में गंगा” और “प्रभु जी तुम चंदन हम पानी” जैसे पदों के माध्यम से समाज में सत्य, सेवा और सामाजिक समरसता का संचार किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रसिद्ध उद्योगपति लग्न सिंह पंड्यार ने गुरु रविदास जी के जीवन दर्शन पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का संपूर्ण जीवन मानवता के कल्याण के लिए समर्पित था। उन्होंने जानकारी दी कि गुरु ग्रंथ साहिब की गुरुवाणी में संत रविदास जी के 41 पद संकलित हैं, जो आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक और प्रेरणादायी हैं।
इस अवसर पर डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति के अध्यक्ष गुरदीप साहनी, प्रांत प्रचारक संजय कुमार, वरिष्ठ प्रचारक श्रीनिवास मूर्ति, हरीश कुमार, प्रताप समयाल और कश्मीर कपिल सहित रविदास समाज सुधार सभा, वाल्मीकि सभा, ब्राह्मण सभा, मुस्लिम मंच और कोहली समाज जैसी विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संत शिरोमणि को श्रद्धासुमन अर्पित किए।