सोलन: देवभूमि को शर्मसार करने वाला एक मामला सोलन में सामने आया है, जहाँ जीवन रक्षक कही जाने वाली 108 एम्बुलेंस के एक कर्मचारी ने मदद की गुहार लगाने वाली महिला की जेठानी के साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को शिमला से हिरासत में ले लिया है।

रविवार, 8 मार्च को एक महिला ने पुलिस थाना सोलन में शिकायत दर्ज करवाई कि उसने आपातकालीन स्थिति में 108 सेवा के माध्यम से एम्बुलेंस बुक करवाई थी। एम्बुलेंस पहुँचने पर महिला अपने बेटे और अपनी जेठानी के साथ उसमें सवार हुई। आरोप है कि रास्ते में एम्बुलेंस में तैनात कर्मचारी दिव्यांश ने उसकी जेठानी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ बदतमीजी और दुर्व्यवहार किया।
हद तो तब हो गई जब अस्पताल पहुँचने पर पीड़ित महिला के पति ने इस व्यवहार का कारण पूछा, तो आरोपी ने उसके साथ भी झगड़ा किया और मौके से फरार हो गया। महिला थाना सोलन की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी का पीछा किया और उसे शिमला से हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान दिव्यांश पुत्र श्री राजेंद्र शर्मा निवासी गाँव बटेहरडा, तहसील बल्ह, जिला मंडी उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी पिछले 6 महीनों से 108 एम्बुलेंस में बतौर EMT (इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन) फार्मासिस्ट कार्यरत है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी की ड्यूटी 7 मार्च की रात 8:00 बजे से 8 मार्च की सुबह 8:00 बजे तक थी। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।