सोलन रेडियो 90.4 FM की 17वीं वर्षगांठ, DC ने किया स्टूडियो का उद्घाटन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के पहले सामुदायिक रेडियो, सोलन रेडियो 90.4 एफएम ने अपनी सफलता के 17 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस गौरवशाली अवसर पर सोलन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवनिर्मित आपका पॉडकास्ट स्टूडियो रहा, जिसका उद्घाटन उपायुक्त द्वारा किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि सामुदायिक रेडियो केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने नए पॉडकास्ट स्टूडियो की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में ऐसे मंच युवाओं को अपनी रचनात्मकता और विचारों को व्यापक समाज तक पहुँचाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेंगे।

रेडियो के निदेशक डॉ. बी.एस. पंवार ने संस्थान की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सोलन रेडियो पिछले 17 वर्षों से जनहित के मुद्दों, स्थानीय संस्कृति और शिक्षा से जुड़ी जानकारियों को घर-घर पहुँचाने का कार्य कर रहा है। ऑल इंडिया रेडियो चंडीगढ़ के प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव अश्विनी कुमार ने भी सामुदायिक रेडियो की प्रासंगिकता पर बल देते हुए इसे समाज की वास्तविक आवाज़ करार दिया।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, पंवार इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव स्किल्स के विद्यार्थियों ने सामाजिक ज्वलंत विषयों पर आधारित प्रभावशाली डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उपायुक्त ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मंथ ऑफ द स्टूडेंट अवार्ड से नवाजा। कार्यक्रम में नगर निगम के पूर्व चेयरमैन कुल राकेश पंत, प्रोफेसर आर.के. पठानिया, जिला कल्याण अधिकारी और कई सेवानिवृत्त शिक्षाविद व अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अनिल राजपूत ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अमन, प्रिया, मोनिका और रेडियो की पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में टैगोर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल ललिता पंवार ने सभी अतिथियों का धन्यवाद व्यक्त किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।