सोलन से बड़ू साहिब तक आयोजित होगी चिट्टा मुक्त हिमाचल जन जागरूकता दौड़

Photo of author

By Hills Post

सोलन: देवभूमि को नशे की गिरफ्त से बचाने और युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक करने के लिए जिला सोलन में एक विशेष पहल की जा रही है। 8 और 9 मार्च को ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल जन-जागरूकता दौड़’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्ग नशे के खिलाफ एकजुट होकर हुंकार भरेंगे।

सिरमौर कल्याण मंच के प्रधान प्रदीप ममगाईं ने बताया कि इस दौड़ का आयोजन कल्याण मंच सोलन और चूड़ेश्वर सेवा समिति सोलन द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। 8 मार्च को सुबह 9 बजे उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ठोडो ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ को रवाना करेंगे।

यह दो दिवसीय दौड़ सोलन के ठोडो ग्राउंड से शुरू होकर नौणी, यशवंत नगर, राजगढ़ और खेरी जैसे मुख्य पड़ावों से गुजरते हुए बड़ साहिब में संपन्न होगी। कार्यक्रम का मुख्य स्लोगन नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो रखा गया है, ताकि संदेश सीधा और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचे। इस आयोजन को होटल रमाडा कसौली (सोलन) द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है।

इस दौड़ का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय पैरा धावक विरेंद्र सिंह होंगे। वे विशेष रूप से इस मुहिम का हिस्सा बनकर युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। आयोजकों का मानना है कि विरेंद्र सिंह जैसी खेल हस्तियों की मौजूदगी से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

कल्याण मंच और चूड़ेश्वर सेवा समिति ने आम जनता, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। आयोजकों ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए जन-भागीदारी और सामूहिक संकल्प की अत्यंत आवश्यकता है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।