सोलन: 43 वर्षीय डिलीवरी बॉय की मौत, सीने में दर्द की शिकायत पर ड्यूटी से लौटा था वापस

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शहर में 43 वर्षीय एक फूड डिलीवरी बॉय की अचानक मौत हो गई। वह शुक्रवार रात सीने में दर्द की शिकायत कर अपनी ड्यूटी से जल्दी लौट आया था। देर रात जब उसका रूममेट वापस लौटा, तो उसने विनोद को बिस्तर पर बेसुध पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विनोद कुमार शाह (43) निवासी पूर्वी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। वह रबौण के उदय विहार में अपने एक साथी के साथ किराए के कमरे में रहता था और ऑनलाइन फूड डिलीवरी का काम करता था।

जांच में पता चला कि 31 अक्टूबर (शुक्रवार) को विनोद शाम को काम पर गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने अपने साथी को बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और सीने में दर्द हो रहा है। यह कहकर वह वापस कमरे पर आ गया।

देर रात जब उसका साथी ड्यूटी खत्म करके लौटा, तो उसने विनोद को बिस्तर पर बेसुध पाया। उसने तुरंत मृतक के भाई को सूचित किया। परिजन उसे 108 एंबुलेंस की मदद से शनिवार तड़के क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे ‘ब्रॉट डेड’ (अस्पताल लाने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर सपरून पुलिस चौकी की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए हैं। परिजनों ने भी मौत पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।