सोलन: बद्दी पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई। उप पुलिस अधीक्षक बद्दी योगराज चंदेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने साईं रोड स्थित तीन प्रमुख स्पा सेंटरों पर अचानक दबिश दी, जहाँ अनैतिक व अवैध गतिविधियों का संचालन पाया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों स्पा सेंटरों से 7 युवतियों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया। पुलिस ने युवतियों की सुरक्षा और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस ने द बेस्ट थाई स्पा (The Best Thai Spa), बैम्बू स्पा (Bamboo Spa) और मंत्रा द वेलनेस स्पा (Mantra The Wellness Spa) पर कार्रवाई की है। पुलिस जांच में अवैध गतिविधियां उजागर होने पर संबंधित स्पा सेंटरों के संचालकों और मैनेजरों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में मामले पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया है कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। स्पा सेंटर या किसी भी अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान की आड़ में अवैध धंधा चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे परिसरों पर लगातार निगरानी रखकर भविष्य में भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।