नाहन : हरिपुरधार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जामना मार्ग पर एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जामना के समीप एक पिकअप(HP08A 6472) के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद अनियंत्रित होकर वाहन गहरे नाले में जा समाया। गनीमत यह रही कि चालक ने ऐन वक्त पर सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप हरिपुरधार से शटरिंग की सामग्री लादकर जामना गांव की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन जामना के निकट पहुंचा, अचानक उसमें तकनीकी खराबी आ गई और ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। पहाड़ी और ढलान वाले रास्ते पर वाहन को अनियंत्रित होता देख चालक ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाहर छलांग लगा दी। देखते ही देखते वाहन सीधे गहरे नाले में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

इस घटना ने एक बार फिर लोक निर्माण विभाग (PWD) की उदासीनता और क्षेत्र की सड़कों की खस्ताहाल स्थिति को उजागर कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग की हालत लंबे समय से बेहद दयनीय बनी हुई है। विभाग को बार-बार अवगत करवाने के बावजूद सड़क की मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण यहाँ सफर करना हर दिन मौत को दावत देने जैसा हो गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह दुर्घटना केवल एक वाहन की तकनीकी खराबी मात्र नहीं है, बल्कि यह सड़क सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासनिक ढुलमुल रवैये का नतीजा है। यदि नाले के समीप मजबूत पैरापिट या सुरक्षा दीवार होती, तो अनियंत्रित होने के बावजूद गाड़ी को नाले में गिरने से रोका जा सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस पूरे मार्ग का तुरंत सुरक्षा ऑडिट करवाया जाए और संवेदनशील मोड़ों पर पैरापिट व क्रैश बैरियर स्थापित किए जाएं ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए।