हरिपुरधार: माँ भगवती स्कूल में शिक्षक दिवस पर पेंटिंग प्रतियोगिता, मुस्कान और अक्षिता ने मारी बाजी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हरिपुरधार क्षेत्र के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान ‘मां भगवती पब्लिक स्कूल ‘ में शिक्षक दिवस का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के लिए ‘पेंटिंग एवं क्रिएटिविटी’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला व रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से शिक्षकों के प्रति आदर, शिक्षा के महत्व और समाज में गुरु के योगदान को सुंदर रंगों के जरिए कैनवास पर उकेरा।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मुस्कान राणा ने अपनी बेहतरीन पेंटिंग और क्रिएटिविटी के बल पर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, अपनी उत्कृष्ट कलाकृति के लिए अक्षिता राणा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन व अध्यापकों ने विजेताओं को बधाई दी और उनकी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। शिक्षकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के भीतर छिपी रचनात्मक क्षमता बाहर आती है और उनका सर्वांगीण विकास होता है।

शिक्षक दिवस के इस खास मौके पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं का मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिह्न व ग्रीटिंग कार्ड्स भेंट कर सम्मानित भी किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।