हरियाणा की सरजमी पर पहुंची क्वींस बैटन रिले

सिरसा :  दिल्ली में आयोजित होने जा रहे 19वें कॉमनवेल्थ गेम्स की प्रतीक मशाल क्वींस बैटन पूरे देश की परिक्रमा करके आज हरियाणा की सरजमी में प्रवेश कर गई। राजस्थान सीमा से सटे हरियाणा के गांव चौटाला में क्वींस बैटन रिले का जोरदार स्वागत हुआ। इस मौके राजस्थान ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलोत ने क्वींस बैटन को हरियाणा ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष पी.वी राठी के हाथों में सौंपा और स्वागत कमेटी के सदस्यों ने क्वींस बैटन रिले का औपचारिक स्वागत किया जिनमें सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर व उनकी धर्मपत्नी अवंतिका तंवर व पी.वी राठी की धर्मपत्नी पूनम राठी, खेल विभाग के वितायुक्त आर.पी चंद्र, हिसार डिवीजन के आयुक्त बी.एस मलिक, पुलिस महानिरीक्षक के.के ढूल, जिला उपायुक्त सी.जी रजिनीकांथन, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज चौधरी, पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा, डा. केवी सिंह, मलकीत सिंह खोसा, मोहन लाल डरोलिया, अमित सिहाग, कुलदीप गदराना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

प्रदेश के अच्छे खिलाड़ी आगे लाने का प्रयास -राठी

क्वींस बैटन का स्वागत करने के बाद हरियाणा ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष पी.वी राठी ने कहा कि यह प्रदेश के खिलाडिय़ों के लिए आगे आने का एक बेहतरीन मौका है। प्रदेश सरकार का यही प्रयास है कि प्रदेश से अच्छे खिलाड़ी आगे आए। इसके लिए सरकार ने विशेष खेलनीति बनाई है ताकि खिलाडिय़ों की अच्छी पौध तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 15 लाख, रजत पदक पाने वाले 10 लाख और कांस्य पदक जीतने वाले को 5 लाख रुपए प्रदेश सरकार द्वारा ईनाम के रुप में दिए जाएंगे। सांसद अशोक तंवर ने कहा कि सरकार की बनाई हुई नीतियों के कारण ही आज हमारे खिलाड़ी दिन-प्रतिदिन आगे आ रहे है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी ही सबसे ज्यादा पदक जीत कर रिकार्ड मनाएंगे।

सिरसा में रहेगा रात्रि ठहराव

क्वींस बैटन रिले सिरसा जिला की तहसील डबवाली में पहुंची जहां लोगों ने इस रिले का फूल-मालाओं से स्वागत करेंगे। डबवाली के खेल स्टेडियम में ठहराव के बाद इसे सिरसा के लिए रवाना कर दिया गया। जहां पर रिले के पहुंचने पर चौधरी दलबीर सिंह स्टेडियम तथा भगत सिंह स्टेडियम के रात्रि ठहराव में रंगारंग कार्यक्रम करवाए जाएंगे। क्वींस बैटन रिले के स्वागत को लेकर सिरसा शहर को दुल्हल की तरह सजाया गया है। जगह-जगह पर विशेष स्वागत द्वार बनाए गए है। वहीं ग्रामीण महिलाएं ठेठ हरियाणवीं भाषा के गीतों द्वारा रिले का स्वागत करेंगी।

ये भी थे मौजूद

क्वींस बैटन के साथ 86 अति गणमान्य व गणमान्य व्यक्ति थे। अतिगणमान्य व्यक्तियों में लेफ्टिनेंट कर्नल वी.एन सिंह निदेशक डिफेंस कंसलटैंट, लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मवीर, कैप्टन किरण आर्मी कंसलटैंट, जोसन मकसाम कंसलटैंट, कैप्टन चेतन चौहान प्रोजेक्ट ऑफिसर थे। इस मौके पर राजस्थान की ओर से गंगानगर के सांसद भारतराम मेघवाल, हनुमानगढ़ के उपायुक्त भानुप्रकाश एटूरु तथा जिला पुलिस अधीक्षक मोहन लाल निठारवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति थे।