हार के साथ 5 बार की चैंपियन मुंबई का सफर खत्म, लखनऊ ने 18 रन से हराया

नाहन : आईपीएल 2024 का 67वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच खेला गया। हालांकि लखनऊ की टीम ने मुंबई को 18 रनों से हरा दिया लेकिन दोनों टीमों का सफर इस टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। मुंबई की टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। वहीं, लखनऊ के खाते में भले ही 14 अंक हो गए हैं लेकिन उनका नेट रनरेट -0.667 है। ऐसे में उनका प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करना मुश्किल है।

हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर, लखनऊ को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने 215 रनों का लक्ष्य रखा था, इस पारी के हीरो निकोलस पूरन रहे जिन्होंने लखनऊ के लिए 29 गेंद में 75 रनों तूफानी पारी खेली वहीं कप्तान केएल राहुल ने भी 55 रन बनाए। मुंबई की और से नुवान तुषारा और पीयूष चावला ने 3-3 विकेट लिए।

luknow super

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की दमदार शुरुआत हुई। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे रोहित शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई। रोहित शर्मा ने 178.94 के स्ट्राइक रेट से 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 68 बनाए। रोहित के आउट होते ही मुंबई की पारी की लय बिगड़ गयी। लेकिन नमन धीर ने 26 गेंदों में तूफानी अर्धशतक लगाया। इस मैच में वह 62 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 221.42 के स्ट्राइक रेट से 4 चौके और 4 छक्के लगाए। पर उनकी पारी भी मुंबई को जीत नहीं दिला पाई। लखनऊ के लिए रवि बिश्नोई और नवीन-उलहक ने 2-2 विकेट चटकाए।

मुंबई इंडियंस आठ अंकों के साथ अंक तालिका में 10वें पायदान पर है। हार्दिक पांड्या की अगुवाई में यह सीजन मुंबई इंडियंस के लिए कुछ खास नहीं रहा। टीम को 14 में से 10 मैचों में शिकस्त मिली।