चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला, बनीखेत में भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दयालु पुल के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार दुर्घटना में दो लोगों की माैत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना गुरुवार देर रात्रि की बताई जा रहा है। बताते हैं कि स्थानीय लोगों ने मध्यरात्रि के समय एक कार के खाई में गिरते देखा और रेस्क्यू शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने दो घायलों को डलहौजी अस्पताल पहुंचाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है। घायलों में अमित कुमार व देवराज शामिल बताए गए हैं। मृतकों की पहचान महेंद्र कुमार निवासी त्रिथा और अशोक कुमार निवासी लाहड़ के रूप में हुई है। अभी दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एक पुलिस अधिकारी ने दुर्घटना की पुष्टि की है। अधिकारी ने कहा कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।