शिमला : हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के तीन प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (CoE) द्वारा आयोजित किए जाने वाले एलीट कैंप में जगह बनाई है। यह कैंप अंडर-19 (बॉयज़) वर्ग के लिए आगामी 11 मई से 06 जून 2026 तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।
बिलासपुर जिले के आदित्य कटारिया का चयन टीम-A में हुआ है और वे राजकोट में आयोजित होने वाले कैंप में भाग लेंगे। वहीं, हमीरपुर के अक्षय वशिष्ठ को टीम-B के लिए चुना गया है, जिन्हें गुजरात के नडियाद में अपनी रिपोर्टिंग देनी होगी। इसके अतिरिक्त, ऊना जिले के अर्पित सिंह टीम-C का हिस्सा होंगे और वे पंजाब के मोहाली में आयोजित शिविर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ये तीनों खिलाड़ी बीसीसीआई के इस प्रतिष्ठित एलीट कैंप में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

BCCI के नियमों के अनुसार, सभी चयनित खिलाड़ियों को 10 मई 2026 की दोपहर तक अपने निर्धारित वेन्यू पर रिपोर्ट करना होगा। कैंप में जाने से पहले इन खिलाड़ियों की शारीरिक फिटनेस का आकलन HPCA क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में किया जाएगा। फिटनेस टेस्ट में पास होने के बाद ही इन खिलाड़ियों को मुख्य कैंप में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।
HPCA के सचिव मनुज शर्मा ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने पूरे HPCA परिवार की ओर से इन युवा क्रिकेटरों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी कैंप के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।