हिमाचल के पुरुषोत्तम धीमान मध्य प्रदेश में पी.सी.सी.एफ. नियुक्ति

सोलन: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में बड़सर उपमंडल के सुदूर सथावीं गांव के रहने वाले पुरुषोत्तम धीमान को मध्य प्रदेश में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पी.सी.सी.एफ.) का पदभार मिला है। मध्य प्रदेश कैडर के 1992 बैच के भारतीय वन सेवा (आई.एफ.एस.) अधिकारी पुरुषोत्तम धीमान अब मध्य प्रदेश में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पी.सी.सी.एफ.) के प्रतिष्ठित पद पर सेवाएं देंगे। धीमान की प्रारम्भिक शिक्षा उनके गांव के स्कूल से और वानिकी में स्नातक की डिग्री सोलन के नौणी में डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय से हुई थी।

डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी से स्नातकोत्तर डिग्री पूरी करने वाले पुरुषोत्तम धीमान को वानिकी, ग्रामीण एवं आजीविका विकास में व्यापक अनुभव है। बस्तर में अपनी प्रारंभिक पोस्टिंग के बाद से वह समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विकास प्रयासों के लिए समर्पित रहे हैं।

Purshuttam Dhiman

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने पुरुषोत्तम धीमान को पीसीसीएफ के पद पर पदोन्नत होने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि शीर्ष प्रशासनिक भूमिकाओं में गौरवान्वित पूर्व छात्र वर्तमान छात्रों के लिए अपने संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरणास्त्रोत होते हैं। विश्वविद्यालय पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष डॉ. हरीश शर्मा ने भी पुरूषोत्तम धीमान को पूर्व छात्र समुदाय की ओर से बधाई दी। विश्वविद्यालय के कर्मचरियों और छात्रों ने भी इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।