शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने समस्त प्रदेशवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कहा कि नववर्ष केवल कैलेंडर बदलने का नाम नहीं है, बल्कि यह नई आशाओं, दृढ़ संकल्पों और सकारात्मक सोच के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ने का एक अवसर है। सीएम ने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 प्रदेश की प्रगति और उन्नति का एक नया अध्याय सिद्ध होगा।

बीते वर्ष 2025 का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को कई प्राकृतिक आपदाओं और कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन हिमाचल की जनता ने जिस तरह सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि तमाम मुश्किलों के बावजूद सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिला है, जो एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज की नींव रख रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए कांगड़ा वैली कार्निवल, शिमला विंटर कार्निवल और डलहौजी विंटर फेस्ट जैसे आयोजनों ने शिमला, चंबा और धर्मशाला में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा किया है, जिससे स्थानीय आर्थिकी को नया बल मिला है।
इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भी प्रदेश की जनता को नववर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नया वर्ष हर घर में खुशहाली और सफलता लेकर आएगा। राज्यपाल ने अपने संदेश में युवाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वे अनुशासन, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को अपनाएं। राज्यपाल ने युवाओं से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने और एक स्वस्थ, समृद्ध व समावेशी हिमाचल के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने प्रदेश और राष्ट्र के निरंतर विकास और आपसी सौहार्द के लिए प्रार्थना करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।