Hills Post

हिमाचल के मुख्यमंत्री द्वारा मीडिया में सही तस्वीर को उचित परिपेक्ष्य में प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल

शिमला: मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने इलैक्ट्रॉनिक एवं अन्य मीडिया में समाचारों एवं अन्य घटनाओं को सही परिपेक्ष्य में प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कई बार गलत प्रस्तुतिकरण समाज के लिए घातक सिद्ध होता है। मुख्यमंत्री गत सायं चंडीगढ़ से डे एण्ड नाईट न्यूज चैनल के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।

पंजाब के राज्यपाल एवं केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मुख्य प्रशासक श्री शिवराज पाटिल डे एण्ड नाईट न्यूज चैनल के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल तथा हरियाणा एवं पंजाब सरकारों के मंत्री भी उपस्थित थे।

प्रो. धूमल ने कहा कि वर्तमान में 500 से अधिक इलैक्ट्रॉनिक चैनल कार्य कर रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, क्षेत्रीय तथा स्थानीय कार्यक्रमों को प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने कुछ घटनाओं को अत्याधिक प्रसारित करने पर चिंता व्यक्त की, जिनका समाज पर विपरीत प्रभाव पड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी चैनल व समाचारपत्र के लिए उत्तरदायी रिपोर्टिंग आवश्यक है, जिससे दर्शकों एवं पाठकों के बीच उनकी विश्वसनीयता बनती है। उन्होंने कहा कि देश में 500 से अधिक चैनलों के बावजूद कम ही चैनल दर्शकांे में अपनी लोकप्रियता बना सके हैं। इन चैनलों ने विश्व के किसी भी भाग में होने वाली घटनाओं की रिपोर्टिंग को उत्तरदायित्व एवं विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत कर अपनी साख बनायी है। उन्होंने कहा कि कई चैनलों को विशेष समाचार के बारे में प्रमाणित जानकारी का इंतजार किए बिना ‘ब्रेकिंग न्यूज़’ दिखाने की जल्दी रहती है। उन्होंने कहा कि तथ्यों पर आधारित पूर्ण एवं विस्तृत समाचार प्रस्तुत करना ही समाज के हित में होगा।

मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि डे एण्ड नाईट न्यूज चैनल लोगों की आशाआंे पर खरा उतरेगा और हिमाचल प्रदेश से संबंधित जानकारी को चैनल के कायक्रमों और समाचारों में उचित स्थान मिलेगा। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि यह चैनल इंगलिश, हिन्दी तथा पंजाबी तीन भाषाओं में प्रसारित होगा, जिससे लोग लाभान्वित होंगे।

प्रो. धूमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपने पड़ौसी राज्यों के साथ बेहतर संबंध स्थापित किए हैं तथा क्षेत्रीय सहयोग की अवधारणा को सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव सहायता दी है। उन्होंने कहा कि राज्य का वर्तमान स्वरूप एवं आकार वर्ष 1966 में पंजाब राज्य के पुनर्गठन का परिणाम है, जब पंजाब के कुछ पहाड़ी क्षेत्रों को हिमाचल प्रदेश में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य ने सभी क्षेत्रों में तीव्र विकास किया तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन तथा जलविद्युत निष्पादन इत्यादि क्षेत्रों में देश के अन्य राज्यों के लिए आदर्श बन कर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने भाखड़ा बांध एवं अन्य बीबीएमबी जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि इसके एवज़ में राज्य को कुछ भी हासिल नहीं हुआ और इसके हजारों परिवार बेघर हुए, जो आज भी उचित पुनर्वास के लिए संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को अपने सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों पर गर्व है, जिन्होंने राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा तथा देश के किसी भी भाग में आपातकाल जैसी स्थिति से निपटने के लिए महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल से बहने वाली नदियों के परिणामस्वरूप ही राजस्थान की मरुभूमि हरे-भरे मैदानों एवं उपजाऊ जोत योग्य भूमि में परिवर्तित हुई। उन्होंने कहा कि राज्य अपने पड़ौसी राज्यों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए कृतसंकल्प है, ताकि क्षेत्रीय सहयोग को और सुदृढ़ किया जा सके।

चैनल के अध्यक्ष श्री जसपाल सिंह कंधारी ने विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया जबकि प्रबन्ध सम्पादक श्री कंवर संधू ने डे एण्ड नाईट चैनल के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।