हिमाचल को केंद्र सरकार से बड़ी राहत, 601.92 करोड़ की आपदा सहायता जारी: डॉ. राजीव बिंदल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

शिमला : केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को आपदा राहत के तहत एक बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (NDRF) से हिमाचल प्रदेश को 601.92 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। यह सहायता वर्ष 2023 के मानसून के दौरान आई बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई तथा पुनर्निर्माण कार्यों के लिए दी गई है।

आदेश के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के लिए कुल 1504.80 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता स्वीकृत की गई है, जिसमें से यह राशि पहली किस्त के रूप में जारी की गई है। यह रकम कुल स्वीकृत सहायता का लगभग 40 प्रतिशत है। आगे की किस्त राज्य सरकार द्वारा पहले जारी धनराशि के 75 प्रतिशत उपयोग के बाद दी जाएगी।

इस महत्वपूर्ण सहायता के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि “हिमाचल प्रदेश को आपदा राहत में 601.92 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी करने के लिए समस्त हिमाचल वासियों की ओर से कोटि-कोटि आभार। इस राशि को मिलाकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा हिमाचल को आपदा राहत के रूप में अब तक लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।”

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संकट की हर घड़ी में हिमाचल प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी है और यह सहायता प्रदेश के पुनर्निर्माण व राहत कार्यों को गति देगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।