सोलन: भारतीय हैंडबॉल संघ और राज्य युवा सेवाएं एवं खेल विभाग से मान्यता प्राप्त हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ की वार्षिक आम बैठक एवं चुनाव 20 जुलाई को सुंदरनगर में होंगे। जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव नंद किशोर शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संग वर्ष 1978 से प्रदेश में कार्य कर रहा है।

इस दौरान संघ ने 10 राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश के विभिन्न जिलों में किया है। इसके अतिरिक्त प्रदेश संघ द्वारा चयनित टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की नुमाइंदगी कर चुके हैं।
वर्तमान में प्रदेश में 10 जिला हैंडबॉल संघ हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ से एफिलिएटेड हैं। ये सभी जिला संघ हिमाचल प्रदेश सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट-2006 के अंतर्गत पंजीकृत हैं तथा इन खेल संघों को अपने-2 जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय से भी मान्यता प्राप्त है। निष्पक्ष चुनाव के लिए मंडी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता करणवीर को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
चुनाव में हैंडबॉल फेडेरेशन ऑफ इंडिया तथा राज्य खेल विभाग के पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिला संघ से 2 प्रतिनिधि इस चुनाव में भाग लेंगे तथा इन्हीं में से हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ की राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। प्रदेश संघ में 50 फीसदी सदस्य कम से कम राज्य स्तर पर हैंडबॉल खेले हुए खिलाड़ी होंगे, जबकि 25 फीसदी आरक्षण महिलाओं के लिए होगा।