शिमला: हिमाचल प्रदेश के मौसम विज्ञान केंद्र ने आज से तीन दिन तक गर्म हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और स्थानों पर जंगल भी धधक रहे हैं। सोलन जिला में लगभग 15-20 जगह आग लगने के समाचार मिल रहे हैं।

ऊना जिला में पिछले कल अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सीजन का सबसे अधिकतम तापमान बताया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने हिमाचल प्रदेश के अनेक स्थानों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें आज से तीन दिनों तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है। 28 से 30 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाओं का प्रवाह बना रह सकता है। तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में असमान्य वृद्धि परेशानी का कारण बन सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अनावश्यक बाहर न निकलने की भी सलाह दी गई है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर 1 से 4 मई तक बारिश का पूर्वानुमान भी है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इस दौरान तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। अनुमान है कि तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना हैं।