हिमाचल में पाकिस्तानी नागरिकों की स्थिति स्पष्ट— जानें कहाँ, क्या है स्थिति?

शिमला : हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्य में निवासरत पाकिस्तानी नागरिकों की स्थिति और उनकी निगरानी को लेकर ताज़ा जानकारी साझा की है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में फिलहाल केवल दो जिलों में पाकिस्तानी नागरिकों की उपस्थिति दर्ज की गई है – कांगड़ा और सोलन। अन्य सभी जिलों में कोई भी पाकिस्तानी नागरिक निवासरत नहीं है।

हिमाचल पुलिस के अनुसार, जिला कांगड़ा में कुल 10 पाकिस्तानी नागरिक दीर्घकालिक वीजा (Long Term Visa – LTV) पर रह रहे हैं। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा 25 अप्रैल 2025 को जारी पत्र के अनुसार, इन नागरिकों को दिए गए वीजा वैध हैं और उन्हें प्रत्यावर्तित करने की आवश्यकता नहीं है। यह सभी नागरिक भारत में कानूनी रूप से निवास कर रहे हैं।

वहीं, जिला सोलन में चिकित्सा वीजा पर रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिकों को 26 अप्रैल 2025 को विधिवत रूप से भारत से प्रत्यावर्तित (Deported) कर दिया गया। यह कार्रवाई वीजा अवधि समाप्त होने और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद की गई।

बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल और स्पीति, मंडी, सिरमौर और ऊना जैसे अन्य सभी जिलों में किसी भी पाकिस्तानी नागरिक की उपस्थिति नहीं पाई गई है।

राजधानी शिमला में पाकिस्तानी नागरिकों की स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। इस संबंध में जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने कहा है कि राज्य में निवास कर रहे विदेशी नागरिकों की निगरानी और उनके वीजा मानदंडों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा की जाती है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी विदेशी नागरिक की संदिग्ध गतिविधियों का संज्ञान मिले तो निकटतम पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर 112 पर तत्काल सूचित करें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।