शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला में आज देवभूमि संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने संजौली मस्जिद के समीप हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान देवभूमि संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने मस्जिद का बिजली-पानी कनेक्शन काटने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि संजौली मस्जिद विवाद लम्बे समय से चला आ रहा है। संजौली मस्जिद के अवैध ढांचे को गिराने जाने को लेकर हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड ने शिमला नगर निगम कोर्ट के फैसले को जिला अदालत में चुनौती दी है। इसको लेकर अब देवभूमि संघर्ष समिति एक बार फिर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड के निर्णय को लेकर हिंदू संगठन नाराज हो गए हैं। आज शिमला में देवभूमि संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने संजौली में हनुमान चालीसा का पाठ किया और इसके बाद मस्जिद की ओर जाने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। देवभूमि संघर्ष समिति का मानना है कि मस्जिद के समीप गण देवता का निवास है, लेकिन स्थानीय पुलिस ने उन्हें वहां जाने से रोक लिया। संगठन ने कहा कि शुक्रवार के दिन यदि जुम्मे की नमाज मस्जिद में हुई तो संघर्ष समिति बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगी।
देवभूमि संघर्ष समिति का कहना है कि मस्जिद को गिराने के आदेश दिए महीने बीत गए हैं, लेकिन कुछ नही हुआ। देवभूमि संघर्ष समिति के मदन ठाकुर ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।