शिमला : चौपाल तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम जावग (पुलबहाल) के दो सगे भाई-बहन ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। पुष्पांजलि और उनके छोटे भाई आदर्श कुमार के सैनिक स्कूल में चयन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र और परिवार में जश्न का माहौल है।
पुष्पांजलि और आदर्श वर्तमान में सोलन स्थित M.R. DAV स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। पुष्पांजलि, जो 9वीं कक्षा की छात्रा हैं, और उनके छोटे भाई आदर्श कुमार, जो 7वीं कक्षा में पढ़ते हैं, दोनों ने कड़ी मेहनत के दम पर अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE) को उत्तीर्ण किया है। सुरेंद्र कुमार और माता कौशल्या देवी के इन दोनों बच्चों ने अपनी इस उपलब्धि से न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे जिले के लिए एक मिसाल पेश की है।

सैनिक स्कूल में चयन के बाद दोनों भाई-बहन ने अपने भविष्य के लक्ष्यों को लेकर भी स्पष्टता दिखाई है। होनहार पुष्पांजलि का सपना भविष्य में एक डॉक्टर बनकर मानवता की सेवा करना है, वहीं उनके भाई आदर्श का लक्ष्य आसमान की ऊंचाइयों को छूते हुए पायलट बनना है। दोनों बच्चों की इस सफलता पर उनके घर और गांव जावग में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
बच्चों के पिता सुरेंद्र कुमार और माता कौशल्या देवी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके बच्चों ने दिन-रात मेहनत की थी और आज उनकी मेहनत रंग लाई है। M.R. DAV स्कूल सोलन के शिक्षकों ने भी दोनों बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि पुष्पांजलि और आदर्श शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं और सैनिक स्कूल का अनुशासन उनके सपनों को नई उड़ान देगा।