2019 के सड़क हादसे में वांछित भगोड़ा आरोपी कसौली से गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला के धर्मपुर पुलिस थाने की एक टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक भगोड़े अपराधी को कसौली से गिरफ्तार कर लिया है। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला के कल्याणपुर तहसील के अलोला गांव के रहने वाले 36 वर्षीय विनय कुमार पुत्र परमानंद सिंह को पुलिस ने गुप्त सूचना और कड़ी निगरानी के आधार पर सोमवार को धर दबोचा। यह आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी विनय कुमार के खिलाफ 6 जून 2019 को धर्मपुर पुलिस थाने में वाहन दुर्घटना से संबंधित एक मामला दर्ज किया गया था। उस समय मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चार्जशीट माननीय न्यायालय में पेश की गई थी। हालांकि, ट्रायल के दौरान न्यायालय द्वारा बार-बार तलब किए जाने के बावजूद आरोपी पेश नहीं हुआ। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए माननीय न्यायालय ने 31 जुलाई 2025 को उसे आधिकारिक रूप से भगोड़ा घोषित कर दिया था।

भगोड़ा घोषित होने के बाद से ही धर्मपुर पुलिस की विशेष टीम आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। अंततः पुलिस की सतत निगरानी रंग लाई और उसे कसौली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने और फरार रहने के जुर्म में अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 209 के तहत एक नया मामला भी दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा तथा मामले की आगामी जांच जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।