8 मार्च की नाहन मुलाकात का ‘बड़ा रिटर्न’; मुख्यमंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं की मांग पर लगाई मुहर

नाहन : हिमाचल प्रदेश के बजट 2026 में प्रदेश की आशा वर्कर्स और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट में इन कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹1000 प्रति माह की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का आशा वर्कर्स यूनियन सिरमौर ने स्वागत किया है।

आशा वर्कर्स यूनियन जिला सिरमौर की अध्यक्ष मीना शर्मा ने बताया कि बीते 8 मार्च को नाहन प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला था। इस दौरान उन्हें एक मांग पत्र सौंपा गया था, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं के कठिन कार्यों और उनके कम मानदेय के विषय में विस्तार से बताया गया था। मीना शर्मा ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने हमारी जायज मांगों को समझते हुए इस बजट में इसे प्राथमिकता दी है।

यूनियन की अध्यक्ष मीना शर्मा ने नाहन के विधायक अजय सोलंकी का भी विशेष धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि विधायक सोलंकी ने हमारी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और बजट में इसे शामिल करवाने के लिए निरंतर पैरवी की। यह जीत उन सभी आशा कार्यकर्ताओं की है जो ईमानदारी और निष्ठा के साथ ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्य करती हैं।

यूनियन का कहना है कि लंबे समय से कार्यकर्ता केवल ₹300 की बढ़ोतरी से निराश थीं, लेकिन अब ₹1000 की वृद्धि से उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा। घर-घर जाकर सर्वे करना, टीबी के मरीजों की सेवा और टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में जुटी आशा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुक्खू और विधायक सोलंकी के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।