कालाअंब क्षेत्र में सड़क किनारे मिला खून से लथपथ युवक, पुलिस ने दर्ज किया 307 का मामला

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कालाअंब थाना क्षेत्र में एक 29 वर्षीय युवक (जितेंद्र) पर जानलेवा हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है। सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से हॉकी स्टिक भी बरामद हुई है।

पीड़ित युवक मूल रूप से बर्मापापड़ी क्षेत्र का निवासी है, लेकिन वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहा था। शुक्रवार तड़के वह कुछ लोगों के साथ कालाअंब पहुंचा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया और अधमरी हालत में उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने पालियों गांव के पास युवक को खून से लथपथ पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने घटनास्थल से फरार होने के लिए युवक की कार का ही इस्तेमाल किया। कालाअंब थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।

इस घटना की पुष्टि करते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि यह सुनियोजित हमला प्रतीत हो रहा है। युवक को जानबूझकर एक सुनसान स्थान पर लाकर बेरहमी से पीटा गया। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम सक्रिय रूप से मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।