पंकज जयसवाल

बनेठी के अनुराग ठाकुर का राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान

नाहन : भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित अंतर-विद्यालय राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में गांव – गौंत, बनेठी के अनुराग ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। सितंबर में नाहन में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अनुराग ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिससे उनकी राज्य स्तर पर पहुंच सुनिश्चित हुई। अनुराग नाहन के करियर अकादमी स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह थे, जिन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया और इस अवसर पर प्रसिद्ध साहित्यकार चिरानंद शास्त्री की पुस्तक का विमोचन भी किया। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 350 स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया, वहीं अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में 45 महाविद्यालयों के 175 छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

anurag thakur sirm

अनुराग ठाकुर के पिता राजीव ठाकुर, हिमालयन पब्लिक स्कूल , बेचड़ का बाग में टीजीटी (नॉन-मेडिकल) हैं, और उनकी माता सीता ठाकुर गृहिणी हैं। अनुराग की इस उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चंबा की हेमलता ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हमीरपुर की ज्योति शर्मा और अवंतिका कुमारी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर नाहन के अनुराग ठाकुर और हमीरपुर की कशिश संयुक्त रूप से रहे। निबंध लेखन प्रतियोगिता में चंबा की मोनिका देवी प्रथम, कुल्लू की उरवी ठाकुर द्वितीय, और नाहन की कशिश तृतीय स्थान पर रहीं। अंतर-महाविद्यालय हिंदी भाषण प्रतियोगिता में शिमला की अनष्का शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

अनुराग की इस शानदार सफलता से नाहन के करियर अकादमी स्कूल के छात्र प्रेरित हुए हैं और विद्यालय ने उनके भविष्य की कामनाएँ की हैं।