शिमला: एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में सीटीपीएल (CTPL) नेक्स्टजेन अकादमी और प्रबंधन (MBA) व कंप्यूटर साइंस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम सनराइज-2026: द डॉन ऑफ योर नेक्स्ट जर्नी का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान दौर की मांग के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी कौशलों में दक्ष बनाकर उनके लिए रोजगार के नए द्वार खोलना है।

कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञों डॉ. विश्व प्रताप सिंह, डॉ. बिल्ला कुरथी सुरेश कुमार और डॉ. रितिका ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण तथ्य साझा किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में 90 प्रतिशत नौकरियों के लिए डिजिटल कौशल अनिवार्य है। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि बाज़ार में रोजगार की कमी नहीं है, बल्कि कौशल (स्किल्स) की कमी है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए डॉ. विश्व प्रताप सिंह और डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि एआई नौकरियों को खत्म नहीं कर रहा, बल्कि उनकी भूमिका बदल रहा है। उन्होंने कहा कि नई नौकरियों के अवसर उन्हीं युवाओं को मिलेंगे जो एआई तकनीक और नवाचारों (Innovations) के साथ तालमेल बिठा सकेंगे। विशेषज्ञों ने ‘यूरोपियन देशों’ का उदाहरण देते हुए व्यावहारिक शिक्षा और इंडस्ट्री प्रैक्टिस पर बल दिया ताकि छात्र केवल नौकरी ढूंढने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजक (Job Creators) बन सकें।
सीटीपीएल नेक्स्टजेन अकादमी के प्रोजेक्ट हेड डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि अकादमी एपीजी शिमला विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए एक ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है जहाँ वे आत्मविश्वास के साथ अपने करियर को आकार दे सकें। कार्यक्रम के पहले दिन छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए टी-शर्ट और बैग भी उपहार स्वरूप दिए गए। छात्रों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र में एआई और प्लेसमेंट से जुड़ी अपनी शंकाओं को भी दूर किया।
कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. आर.एल. शर्मा, डीन डॉ. आनंदमोहन शर्मा, एसोसिएट डीन डॉ. ज्योत्सना शर्मा और परीक्षा नियंत्रक अफजल खान ने अतिथियों का हिमाचली परंपरा के अनुसार स्वागत किया।
इस अवसर पर एमबीए और कंप्यूटर साइंस विभाग के प्राध्यापक योगेश बन्याल, प्रीतिका तोमर, महादवी शर्मा, वंशिका ठाकुर, भुवनेश कुमार, अलका पठानीया और सीटीपीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष गुप्ता सहित कई अन्य अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. संजय शर्मा के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।